नई दिल्ली/रायपुर। देशभर में बढ़ते ईंधन संकट के बीच तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया है। इंडियन ऑयल द्वारा जारी नई दरों के अनुसार 15 मई से पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू कर दी गई है। कीमत बढ़ने के बाद आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।
दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपए लीटर
नई कीमतों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अब 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
रायपुर में पेट्रोल 103.56 रुपए
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी ईंधन के दाम बढ़ गए हैं। यहां पेट्रोल की कीमत 103.56 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.55 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।
CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ सीएनजी उपभोक्ताओं को भी झटका लगा है। दिल्ली में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में सीएनजी 79.09 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं मुंबई में एक दिन पहले ही सीएनजी के दाम 82 रुपये से बढ़ाकर 84 रुपये प्रति किलो किए गए थे।
आम लोगों पर बढ़ेगा बोझ
ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर अब परिवहन, रोजमर्रा के सामान और महंगाई पर भी देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में माल भाड़ा और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।


