रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की सप्लाई जारी है।
“ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य”
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार और ऑयल कंपनियां आपसी समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत सरकार ने पर्याप्त तैयारियां सुनिश्चित की हैं और ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
PM मोदी की अपील का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से अनावश्यक खरीदारी और ईंधन का संग्रहण नहीं करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।
“जरूरत अनुसार ही लें ईंधन”
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से संयम और जिम्मेदारी दिखाने की अपील करते हुए कहा कि लोग केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग, जागरूकता और संयम से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में ईंधन व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।

