रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। जंगल से जलाऊ लकड़ी लेने गए 55 वर्षीय ग्रामीण को हाथी ने कुचलकर मार डाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
धरमजयगढ़ वन मंडल का मामला
जानकारी के मुताबिक मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के अलोला बीट क्षेत्र का है। इंदकालो गांव निवासी मालिकराम बंजारा जंगल में लकड़ी लेने छेनापतरा जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
जंगल में मिला शव
तलाशी के दौरान ग्रामीणों को जंगल में मालिकराम बंजारा का शव मिला। शव की स्थिति देखकर हाथी के हमले की आशंका जताई गई, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच के बाद पुष्टि की कि ग्रामीण की मौत हाथी के हमले में हुई है।
इलाके में घूम रहा था हाथी
वन अधिकारियों के अनुसार कापू रेंज के अलोला बीट इलाके में पिछले कुछ दिनों से एक हाथी विचरण कर रहा था, जो संभवतः सरगुजा क्षेत्र की ओर से आया था। विभाग द्वारा लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की चेतावनी दी जा रही थी।
मुआवजा प्रक्रिया शुरू
वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

