रायपुर। राजधानी रायपुर में एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। माना थाना में पदस्थ आरक्षक रमाकांत सिंह की लाश VIP रोड स्थित पुजारी फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मिली। घटना के बाद पुलिस महकमे और परिवार में शोक का माहौल है।
दोस्तों के साथ गए थे फार्म हाउस
जानकारी के मुताबिक आरक्षक रमाकांत सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ वीआईपी रोड स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनका शव स्विमिंग पूल में तैरता हुआ मिला। घटना का पता चलते ही वहां मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फार्म हाउस में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने जताई शंका
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक आरक्षक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि रमाकांत सिंह पूरी तरह स्वस्थ थे और उनकी अचानक मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आरक्षक की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई और वजह है।

