गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में जंगल के भीतर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के बासीन गांव के जंगल में मिले शव के पास बाइक और जहर का डिब्बा मिलने के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।
जंगल में मिला युवक का शव
जानकारी के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों ने बासीन गांव के जंगल में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत फिंगेश्वर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान खेमप्रकाश दीवान निवासी नागझर, थाना पाण्डुका के रूप में हुई है। घटनास्थल से युवक की बाइक और जहर का एक डिब्बा भी बरामद किया गया है, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
हत्या या आत्महत्या? जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की या फिर हत्या के बाद शव को जंगल में फेंका गया।

