रायपुर/कोरबा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत कोरबा जिले के लेमरू पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास का उद्घाटन एवं गृह प्रवेश कराया। वर्षों तक कच्चे मकान में जीवन गुजारने वाले परिवार के लिए यह पल किसी उत्सव से कम नहीं रहा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आई है।
“हर जरूरतमंद तक पहुंचे योजनाओं का लाभ” : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने आवास का निरीक्षण करते हुए कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
सोलर पैनल के लिए 60 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना के लिए डीएमएफ मद से 60 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब परिवारों को सिर्फ मकान ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री के पहुंचते ही भावुक हुआ परिवार
मुख्यमंत्री के आगमन से धरम सिंह का परिवार भावुक हो उठा। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया। गांव में भी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
ग्रामीणों ने कहा कि अब योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे शासन के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

