रायपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “पूल वाहन” संदेश का पालन करते हुए निजी वाहन छोड़ सांसद बस्तर महेश कश्यप, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बस में सफर किया।
बस से पहुंचे कार्यक्रम स्थल
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जगदलपुर से नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा तक बस से पहुंचे। उनके साथ सांसद महेश कश्यप, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस पहल को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा देखने को मिली।
सेवा सेतु केंद्र और महिला समूहों का किया निरीक्षण
नेतानार पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रही हैं। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेवा सेतु केंद्र अहम भूमिका निभा रहे हैं।
शहीद गुंडाधुर स्थल का भी किया निरीक्षण
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि यह स्थल बस्तर के गौरव और शहीद गुंडाधुर की वीरता का प्रतीक है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए।
कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान सांसद महेश कश्यप, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास भीम सिंह, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, एसपी गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

