जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटमी सोनार गांव में अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान पार कर दिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घर में थीं केवल बुजुर्ग महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, यह चोरी रमेश सोनी के घर में हुई। वारदात के समय घर में केवल दो बुजुर्ग महिलाएं मौजूद थीं। इसी बीच अज्ञात बदमाश घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
सुबह खुला चोरी का राज
सुबह जब परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। तुरंत मामले की सूचना अकलतरा थाना पुलिस को दी गई।
डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

