कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से पुलिस विभाग से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दो दिनों से लापता प्रधान आरक्षक का शव पेड़ पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय बहादुर सिंह मेरावी के रूप में हुई है, जो ग्राम रेंगाखार के निवासी थे और वर्तमान में पुलिस लाइन कवर्धा में रह रहे थे।
दो दिन से लापता थे प्रधान आरक्षक
जानकारी के मुताबिक, बहादुर सिंह मेरावी एसआईबी शाखा में पदस्थ थे और इन दिनों रायपुर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अटैच चल रहे थे। परिजनों ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से अपनी मोटरसाइकिल सहित लापता थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
पेड़ पर लटका मिला शव
रविवार सुबह लालपुर खार इलाके में एक पेड़ पर उनका शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति को देखकर आशंका है कि मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी।
दुष्कर्म मामले में पहले जा चुके थे जेल
मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बहादुर सिंह मेरावी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुके थे और फिलहाल जमानत पर बाहर थे। उन पर प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दूसरी शादी करने का आरोप लगाया था। इसी मामले के बाद उन्हें विभागीय तौर पर रायपुर PHQ अटैच किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

