जगदलपुर/धमतरी/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। धमतरी, बिलासपुर और जगदलपुर में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में प्रधान आरक्षक और 3 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
धमतरी में गश्त के दौरान हादसा, प्रधान आरक्षक की मौत
धमतरी में देर रात गश्त के दौरान तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सिहावा चौक के पास की है।
जानकारी के मुताबिक विजय बैरागी और दिलीप पांडे रात्रि गश्त पर निकले हुए थे। इसी दौरान रायपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दी।
जल्द होने वाला था प्रमोशन
मृतक विजय बैरागी मूल रूप से पखांजूर के जीवाणी क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में धमतरी के बांसपारा में परिवार के साथ रह रहे थे। वे कोतवाली थाना में पदस्थ थे और जल्द ही उनका एएसआई पद पर प्रमोशन होने वाला था।
हादसे की खबर के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर में अचानक ब्रेक लगने से मासूम की मौत
बिलासपुर के उसलापुर स्थित गोकनेनाला के पास हुए दर्दनाक हादसे में 3 साल की बच्ची मिरी लहरे की मौत हो गई, जबकि उसका 4 वर्षीय भाई घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि परिवार रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार को बचाने के लिए कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। कार की आगे वाली सीट पर खड़े दोनों बच्चे तेज झटके से आगे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन दोनों बच्चों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मिरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके भाई का इलाज जारी है।
जगदलपुर में स्कॉर्पियो पलटी, 6 लोग घायल
जगदलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर किरंदुल से ओडिशा लौट रही एक स्कॉर्पियो मारेंगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। रास्ते में पहले स्कॉर्पियो का टायर फट गया था। टायर बदलने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की गई, लेकिन सुबह चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में नरेंद्र, गजेंद्र, जोगेंद्र, नवीन और जिसुधन समेत छह लोग घायल हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

