रायपुर। जिले के उरला थाना क्षेत्र के कन्हेरा गांव में बिजली सबस्टेशन निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। गांव के लोग शमशान घाट की जमीन पर सबस्टेशन बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन का उपयोग वर्षों से अंतिम संस्कार के लिए किया जाता रहा है, इसलिए यहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होना चाहिए।
मंगलवार को गांव में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। इसके बाद पुलिस ने गांव के सरपंच, जिला पंचायत सदस्य समेत कई ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि बाद में सभी को बस में बैठाकर सेंट्रल जेल रायपुर भेज दिया गया।
फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

