पिथौरा/महासमुंद। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से महाराष्ट्र भेजी जा रही करीब 600 किलो गांजा की खेप जब्त की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के मुरमुरी चौक में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा माजदा वाहन में कंपनी की मशीनरी और अन्य सामान के बीच अवैध गांजा छिपाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर ANTF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान मशीनरी उपकरणों और बड़े-बड़े कार्टूनों के नीचे छिपाकर रखी गई 24 प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं।
जब बोरियों की जांच की गई तो उनमें से 600 किलो अवैध गांजा मिला। पुलिस ने मौके पर ही पूरी खेप जब्त कर ली।
महाराष्ट्र का आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक महबूब बादशाह (65 वर्ष) निवासी अंबरनाथ, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लोड किया गया था और इसे महाराष्ट्र के ठाणे क्षेत्र में पहुंचाया जाना था।
वाहन, मोबाइल और नकदी भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा टाटा माजदा वाहन, एक मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
महासमुंद पुलिस के अनुसार मामले की वित्तीय और नेटवर्क आधारित जांच भी की जाएगी ताकि तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह, सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

