बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को लेकर उपजे शक ने एक युवक की जान ले ली। सकरी थाना क्षेत्र के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पत्नी के साथ कथित प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुंगेली निवासी शिव कामले, जो कबीरधाम जिले के एक स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं, अपने परिवार के साथ सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहते हैं। उन्हें लोरमी निवासी दावेंद्र कुमार बघेल और उनकी पत्नी के बीच संबंध होने का शक था।
नया सिम देने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक इस बात को लेकर पहले भी परिवार में विवाद हो चुका था और शिव कामले ने अपनी पत्नी को दावेंद्र से संपर्क नहीं रखने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद 30 मई को दावेंद्र महिला को नया सिम कार्ड देने उसके घर पहुंच गया।
इसी दौरान शिव कामले ने उसे देख लिया और बातचीत के लिए घर के अंदर बुलाया।
बहस के बाद गला घोंटकर हत्या
पुलिस के मुताबिक घर में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर शिव कामले और उसके बेटे ने मिलकर दावेंद्र कुमार बघेल पर हमला कर दिया। इसके बाद प्लास्टिक की सुतली और मोबाइल के केबल तार से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला ने पुलिस को दी सूचना
घटना के दौरान हालात बिगड़ते देख महिला घबरा गई और सीधे सकरी थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पिता-पुत्र गिरफ्तार
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिव कामले और उसके बेटे को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मृतक दावेंद्र कुमार बघेल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

