धमतरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चन्द्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के 55वें केंद्रीय अधिवेशन में शामिल होकर समाज को कई बड़ी सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए सड़क निर्माण, नए स्कूल भवन और सामाजिक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कीं कई अहम घोषणाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छाती से झूरानवागांव तक सड़क निर्माण, ग्राम छाती को नगर पंचायत का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने, नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण और नवा रायपुर में समाज के लिए सामाजिक भवन हेतु भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठित, शिक्षित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति होता है। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक योगदान की सराहना की।
शिक्षा और रोजगार पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने युवाओं से तकनीकी शिक्षा, नवाचार और कौशल विकास के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
नई औद्योगिक नीति का उठाने को कहा लाभ
मुख्यमंत्री ने समाज के युवाओं और उद्यमियों से राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित पुस्तक ‘अद्भुत श्री तुलसी चरितायणम्’ का विमोचन किया। साथ ही प्रशासनिक सेवा, शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में पहुंचे समाजजन
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

