रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज उनके निवास कार्यालय में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और साध्वी निरंजन ज्योति के बीच पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय, शैक्षणिक उन्नयन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
वहीं साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका, कार्यप्रणाली और पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित आयोग के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के विकास से जुड़े विषयों पर केंद्र और राज्य सरकारों को सुझाव देता है तथा उनके विकास कार्यों की समीक्षा और संवैधानिक प्रावधानों के क्रियान्वयन की निगरानी करता है।

