रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को फिल्म जगत और राजनीति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के विशेष मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम और स्क्रीनिंग का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत शामिल होंगी।
यह कार्यक्रम रायपुर के PVR सिनेमाज, जोरा मॉल में आयोजित किया जाएगा। शाम 4 बजे से फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग होगी, जिसमें फिल्म से जुड़े कलाकार, गणमान्य अतिथि और आमंत्रित दर्शक मौजूद रहेंगे।
निर्देशक मनोज तापड़िया भी होंगे शामिल
कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी उपस्थित रहेंगे। वे फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे और दर्शकों के साथ संवाद करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन फिल्म प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर होगा।
स्वास्थ्यकर्मियों को समर्पित है फिल्म
फिल्म को लेकर अपने विचार साझा करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि अस्पतालों में सेवा देने वाले नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी समाज के वास्तविक ‘भाग्य विधाता’ हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल और कठिन परिस्थितियों में सेवा देने वाले इन कर्मियों को वह सम्मान नहीं मिल पाता, जिसके वे हकदार हैं।
कंगना ने बताया कि फिल्म का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को सामने लाना और उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
12 जून को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक समेत कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई हमले जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा करने वाली नर्सों के साहस और समर्पण पर आधारित है।

