Raipur News: राजधानी रायपुर के बीरगांव स्थित रावाभाठा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला। विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर माहौल को नियंत्रित किया।
विधायक मोतीलाल साहू के काफिले का विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ता उनके काफिले के सामने सड़क पर लेट गए और “वापस जाओ” के नारे लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को हटाया और स्थिति को संभाला।
बैरिकेड पर धक्का-मुक्की
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार शिविर का विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बैरिकेड के पास धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
इन मांगों को लेकर हुआ प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को आवासीय पट्टा वितरण, 500 रुपये में गैस सिलेंडर और महतारी वंदन योजना से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन के दौरान विधायक के काफिले को रोकने का प्रयास भी किया गया। तनाव बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य होने के बाद कार्यक्रम आगे जारी रहा।
कांग्रेस का बयान
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि प्रदर्शन पूर्व निर्धारित था और इसकी जानकारी पहले से प्रशासन को दी गई थी। उनका आरोप है कि जनता से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन किया गया।

