रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए एक विस्तृत पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष केंद्रीय सहायता, सड़क एवं अधोसंरचना विकास, कृषि, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, महिला सशक्तिकरण और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में केंद्र के योगदान की सराहना की।
पत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि राज्य को विशेष केंद्रीय सहायता (SCA), विशेष अधोसंरचना योजना (SIS), राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम ग्राम सड़क योजना और अन्य केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से व्यापक वित्तीय और विकासात्मक सहयोग प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि खनन, ऊर्जा, डिजिटल प्रशासन, ग्रामोद्योग, खेल, पर्यटन और आदिवासी विकास जैसे क्षेत्रों में भी केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में भविष्य में भी केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग लगातार मिलता रहेगा।

