मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए कई जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और प्राचार्यों के तबादले किए हैं। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे के तबादले को लेकर हो रही है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में एमसीबी जिला प्रदेश में सबसे निचले पायदान पर रहा था, जिसके बाद जिले की शिक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के कामकाज को लेकर नाराजगी भी सामने आई थी।
शासन के ताजा आदेश के तहत आरपी मिरे को जिला शिक्षा अधिकारी पद से हटाकर लोक शिक्षण संचालनालय के विकल्प पर रखा गया है। इस फैसले को जिले के कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन और प्रशासनिक जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है।
शिक्षा विभाग के इस कदम से साफ संकेत मिलता है कि सरकार परिणाम आधारित कार्यप्रणाली और सुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। वहीं, नए अधिकारी की नियुक्ति के बाद जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

