रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पत्र लिखा है। पत्र में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा मिले सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य को विकास, सुरक्षा, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष केंद्रीय सहायता (SCA), विशेष अधोसंरचना योजना (SIS), सुरक्षा संबंधी व्यय (SRE), आधुनिक हथियार, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी योजनाओं से राज्य को बड़ा लाभ मिला है। साथ ही नक्सल प्रभावित इलाकों में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है।
पत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में छत्तीसगढ़ को केंद्रीय करों, विभिन्न योजनाओं, पूंजीगत निवेश और जीएसटी क्षतिपूर्ति के रूप में लाखों करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और खाद्य सुरक्षा जैसी योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, पर्यटन, खेल, ग्रामोद्योग और उद्योग क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति और केंद्र के सहयोग से छत्तीसगढ़ निवेश और रोजगार के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
पत्र के अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और विश्वास जताते हैं कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग आगे भी इसी तरह मिलता रहेगा।

