मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोरमी थाना क्षेत्र के खुड़िया जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर छापेमारी कर पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत 7.33 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
खुड़िया जंगल में चल रहा था जुए का खेल
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम झिरिया महुआमाचा जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और खुड़िया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नकदी, मोबाइल और 9 बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये) और 9 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये) बरामद की। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 33 हजार 500 रुपये बताई गई है।
तीन जिलों के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी मुंगेली, बिलासपुर और कबीरधाम जिले के रहने वाले हैं। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

