बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। मस्तुरी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए तार में करंट दौड़ने से पति-पत्नी की मौत हो गई। महिला को बचाने के प्रयास में पति भी करंट की चपेट में आ गया और दोनों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सचिन चंद्राकर (45 वर्ष) और उनकी पत्नी रजनी चंद्राकर (32 वर्ष) घर पर मौजूद थे। रजनी आंगन में कपड़े सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान कपड़े डालने के लिए लगाए गए जीआई तार में अचानक करंट प्रवाहित होने लगा।
तार को छूते ही रजनी करंट की चपेट में आ गईं और तड़पने लगीं। पत्नी को बचाने के लिए सचिन तुरंत उनकी ओर दौड़े, लेकिन वे भी करंट की गिरफ्त में आ गए। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों ने तत्काल दोनों को मस्तुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आंधी में टूटा बिजली तार बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान बिजली का एक तार टूटकर नीचे गिर गया था। यह तार घर में लगे जीआई तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ने लगा और यह बड़ा हादसा हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

