Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बने एक सामुदायिक भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रशासन ने परिसर में चल रहे निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी है। मौके पर बुलडोजर की मदद से निर्माण को हटाया जा रहा है।

भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों तरफ की सड़क को बंद कर दिया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौके पर तैनात हैं।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भवन को लेकर था विवाद
बताया जा रहा है कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च निर्माण किए जाने के आरोप लगाए गए थे। इसी विवाद के बीच प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। हालांकि प्रशासन की ओर से मामले को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई जारी है।

