रायपुर, 05 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अग्निवीरों के लिए दो वर्ष के अतिरिक्त ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को स्वीकृति दिए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इसे अभिनंदनीय और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इससे अग्निवीरों को राष्ट्रसेवा के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस निर्णय के तहत अग्निवीरों को चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने के बाद दो वर्ष तक और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक अग्निवीर नियमित सैन्य सेवा में भी शामिल हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय अग्निवीरों के अनुभव, कौशल और सामर्थ्य का राष्ट्रहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करेगा। इससे युवाओं को सैन्य सेवा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे और देश की रक्षा व्यवस्था को अनुभवी एवं प्रशिक्षित युवाओं की क्षमताओं का लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कदम राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का मनोबल बढ़ाने वाला है और उन्हें देश की सेवा के लिए आगे भी प्रेरित करेगा।

