CG News : रायपुर। कम कीमत में भारी मात्रा में सोना खरीदने का सपना एक कारोबारी के लिए महंगा साबित हुआ। राजधानी रायपुर में कथित तौर पर खुदाई में मिला 2 किलो सोने का हार बेचने का झांसा देकर मां-बेटे ने एक कारोबारी से 10 लाख रुपये ठग लिए। बाद में जांच में हार नकली निकला तो पीड़ित के होश उड़ गए।
पुलिस के मुताबिक भिलाई निवासी सैनेटरी कारोबारी धवल बडोदरिया की पहचान एक परिचित के जरिए राजेश प्रजापति से हुई थी। राजेश ने दावा किया कि खुदाई के दौरान उसे पीतल के बर्तन में एक पुराना सोने का हार मिला है।
ऐसे जीता कारोबारी का भरोसा
बताया जा रहा है कि भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने हार का एक छोटा टुकड़ा जांच के लिए दिया, जो परीक्षण में असली सोना निकला। इसके बाद आरोपियों ने एक और नमूना जांच के लिए दिया, जो भी असली पाया गया। लगातार दो बार रिपोर्ट सही आने के बाद कारोबारी को पूरा हार असली होने का भरोसा हो गया।
10 लाख में हुआ सौदा
जानकारी के अनुसार 23 जून को रायपुरा क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सौदा तय हुआ और कारोबारी ने कथित 2 किलो के हार के बदले 10 लाख रुपये नकद दे दिए।
जांच में खुली ठगी की पोल
सौदा पूरा होने के बाद कारोबारी ने हार की अलग-अलग ज्वेलर्स से जांच कराई। शुरुआती जांच में अलग-अलग राय मिलने पर संदेह बढ़ा। बाद में एक अनुभवी ज्वेलर द्वारा परीक्षण करने पर पूरा हार नकली निकला। इसके बाद कारोबारी को समझ आया कि वह सुनियोजित ठगी का शिकार हो गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह की ठगी के अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता रही है।

