Koriya BJP Leader Murder Case : बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नौगई तिहरे हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत 3 लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मनीष त्रिपाठी, जितेंद्र त्रिपाठी और अनिल तिवारी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मनीष और जितेंद्र पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपियों के परिवार से जुड़े हैं, जबकि अनिल तिवारी उनका करीबी रिश्तेदार है।
मोबाइल लोकेशन से मिला अहम सुराग
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि तीनों आरोपी वारदात में शामिल थे। मामले में उनकी भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।
2 आरोपी अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में शामिल सुशील त्रिपाठी और अंजनी त्रिपाठी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 16 जून की रात कोरिया जिले के नौगई गांव में कथित रेत तस्करी विवाद को लेकर आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। वाहन में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे।
इस दर्दनाक घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने पहले ही मनेंद्रगढ़ थाने में सरेंडर कर दिया था, जबकि अन्य आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

