CG News : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वॉशिंग पाउडर की पैकिंग की आड़ में अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा बनाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद परिसर को सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव स्थित एक गोदाम को करीब 15 से 20 दिन पहले उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सानू ने किराए पर लिया था। उसने गोदाम मालिक को बताया था कि यहां वॉशिंग पाउडर की पैकिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा किरायानामा भी तैयार किया गया था।
मोबाइल बंद हुआ तो बढ़ा शक
कुछ दिनों बाद किराएदार का मोबाइल लगातार बंद आने लगा, जिससे गोदाम मालिक को संदेह हुआ। इसी दौरान आसपास के लोगों और परिसर में तैनात गार्ड ने भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद गोदाम मालिक ने पुलिस से शिकायत की।
छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक की मौजूदगी में ताला खोलकर जांच की। कार्रवाई के दौरान गोदाम के अंदर बड़ी मात्रा में जर्दा युक्त गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, पैकिंग सामग्री, मिक्सर मशीन, कटर मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने कई बोरियों में रखे रॉ-मटेरियल को भी जब्त किया है। बरामद सामग्री को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि यहां बड़े स्तर पर अवैध निर्माण कार्य चल रहा था।
फैक्ट्री सील, जांच जारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद फूड सेफ्टी विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निरीक्षण कर बरामद सामग्री जब्त की और पूरे परिसर को सील कर दिया।
फरार आरोपी की तलाश
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गोदाम मालिक की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ी सामग्री बरामद हुई है। मामले में फरार आरोपी मोहम्मद सानू की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और फूड सेफ्टी विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसका नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

