जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई। डोंगरी-कोरबी मार्ग पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तीन लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

रोज की तरह टहलने निकले थे तीनों
मृतकों की पहचान 62 वर्षीय दलहरण दास वैष्णव, 52 वर्षीय केदार बरेट और 70 वर्षीय संतु यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की सूचना दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

