रायपुर। राजधानी रायपुर के गोंदवारा स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 31 वर्षीय युवक प्रदीप गिरी गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने युवक के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। खमतराई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
नशा छुड़ाने के लिए कराया था भर्ती
पुलिस के अनुसार, धरसीवां निवासी प्रदीप गिरी गोस्वामी लंबे समय से शराब की लत से परेशान था। परिजनों ने 21 जून को उसे नशा छुड़ाने के उद्देश्य से गोंदवारा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए
शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। नशा मुक्ति केंद्र से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि प्रदीप के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें मौत संदिग्ध लग रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
खमतराई थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मारपीट या शारीरिक प्रताड़ना के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

