Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में शनिवार सुबह एक किराए के मकान से पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार, सुबह पड़ोसियों ने घर के अंदर कोई हलचल नहीं देखी तो मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में 52 वर्षीय अशोक देवांगन का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी 45 वर्षीय पत्नी धनेश्वरी देवांगन खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं।
पुलिस के मुताबिक मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में सुरक्षित मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अधिकारियों का मानना है कि बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान जांच में अहम साबित हो सकते हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से काम पर नहीं जा रहे थे। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


