Bhutan E20 Petrol News: भारत में E20 पेट्रोल को बढ़ावा दिए जाने के बीच पड़ोसी देश भूटान से एक अहम खबर सामने आई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भूटान ने भारतीय तेल कंपनियों के E20 पेट्रोल की सप्लाई के प्रस्ताव को फिलहाल स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, भारत सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भूटान की चिंता केवल वाहनों की इंजन क्षमता को लेकर नहीं है, बल्कि ईंधन के सुरक्षित भंडारण को लेकर भी है। अधिकारियों का कहना है कि E20 पेट्रोल में मौजूद इथेनॉल नमी (Moisture) को तेजी से सोखता है, जिससे मौजूदा भूमिगत स्टोरेज टैंक इस ईंधन के लिए पूरी तरह उपयुक्त नहीं माने जा रहे हैं। इससे ईंधन में पानी मिलने का जोखिम बढ़ सकता है।
भूटान ने अपने पहाड़ी भौगोलिक क्षेत्र का भी हवाला दिया है। वहां अधिकतर इलाकों में बेहतर माइलेज वाले ईंधन की आवश्यकता होती है। इसी कारण सरकार फिलहाल सामान्य पेट्रोल की आपूर्ति जारी रखने के पक्ष में है। साथ ही उसने भविष्य में ईंधन नीति में होने वाले बदलावों की पूर्व जानकारी देने और आवश्यकता पड़ने पर नए स्टोरेज टैंक उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।
इधर, भारत सरकार कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और जैव ईंधन (Biofuel) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से E20 पेट्रोल को चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है। वहीं, कुछ वाहन मालिकों ने पुराने मॉडल की गाड़ियों में माइलेज और इंजन प्रदर्शन से जुड़ी शिकायतें भी की हैं। सरकार का कहना है कि E20 ईंधन के प्रभावों की लगातार निगरानी की जा रही है।


