CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल का दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर 3.0’ 4 और 5 जुलाई को आईआईएम रायपुर में आयोजित किया जाएगा। सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा आईआईएम रायपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, नवाचार आधारित और परिणामोन्मुख बनाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को नई दिशा देना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बदलते समय की चुनौतियों के अनुरूप शासन व्यवस्था को लगातार सीखने, स्वयं का मूल्यांकन करने और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह चिंतन शिविर नीति निर्माण, अनुभव साझा करने और बेहतर प्रशासनिक कार्यसंस्कृति विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
शिविर में कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, उभरती तकनीक, सुशासन, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और जनसेवा जैसे विषयों पर विस्तृत मंथन होगा। इन चर्चाओं के आधार पर विभागीय समन्वय मजबूत करने और जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए भावी रणनीति तैयार की जाएगी।
दो दिवसीय कार्यक्रम में गौर गोपाल दास, अभय करंदीकर, डॉ. रमेश चंद, सुमन बिल्ला, शशांक मणि त्रिपाठी, ओलंपियन गगन नारंग और डॉ. विनय सहस्रबुद्धे सहित कई राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
सरकार का मानना है कि सुशासन, नवाचार, प्रौद्योगिकी और बेहतर समन्वय के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को और गति मिलेगी तथा इसका सीधा लाभ प्रदेश के नागरिकों तक पहुंचेगा।


