CG Breaking: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लांची गांव में रविवार को बोल्डर निकालने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी बनाने के लिए चट्टान तोड़ने का काम चल रहा था, तभी अचानक भारी बोल्डर खिसककर मजदूरों पर गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लांची गांव के पास बोल्डर निकालकर गिट्टी तैयार की जा रही थी। इसी दौरान अचानक चट्टान का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में दो मजदूर आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। मामले में विस्तृत जांच जारी है।


