CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की पहली तेज बारिश राहत से ज्यादा आफत बन गई है। गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। छुरा क्षेत्र में स्थित 40 वर्ष से अधिक पुराना कुसुमबोड़ा (कोसम्बुड़ा) पुल तेज बहाव में ढह गया, जिससे दर्जनों गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया। वहीं फिंगेश्वर क्षेत्र में जलभराव के कारण कई घरों में पानी घुस गया और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, छुरा के कुसुमबोड़ा–सारागांव मार्ग पर स्थित यह पुल कोसमी, नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादार और बम्हनी समेत कई गांवों को छुरा मुख्यालय से जोड़ता था। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद इन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। यही मार्ग छत्तीसगढ़ को ओडिशा के नुआपड़ा जिले से भी जोड़ता है, जिससे अंतरराज्यीय आवागमन और व्यापार भी प्रभावित हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल लंबे समय से जर्जर था, लेकिन समय पर मरम्मत या नया निर्माण नहीं होने के कारण अब पूरे क्षेत्र को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले 24 घंटों में छुरा और फिंगेश्वर तहसील में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार वर्षा से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिसके चलते पुल का हिस्सा बह गया और मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।


