Share Market: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। मजबूत घरेलू और वैश्विक संकेतों के बीच निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 521 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी 24,400 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। हालांकि, डॉलर के मुकाबले रुपया 20 पैसे कमजोर होकर 95.38 पर बंद हुआ।
बाजार में तेजी की बड़ी वजहें
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, देश में अच्छी बारिश से बेहतर मानसून की उम्मीद मजबूत हुई है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी बाजार को मजबूती दी। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीद ने भी निवेशकों की धारणा को सकारात्मक बनाया।
इन सेक्टरों में दिखी सबसे ज्यादा तेजी
सोमवार के कारोबार में मेटल, ऑटो, ऑयल एंड गैस, रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। हिंडाल्को और ओएनजीसी के शेयर 3 प्रतिशत से अधिक चढ़े। वहीं, बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली के चलते पीएसयू बैंक इंडेक्स में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
आगे किस पर रहेगी बाजार की नजर?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की प्रगति, विदेशी निवेश (FII) का रुख और कच्चे तेल की कीमतें भारतीय शेयर बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी।


