CG News: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक दर्दनाक हादसे में खारून नदी में जलकुंभी के घने जाल में फंसने से 20 से 25 भैंसों की मौत हो गई। इस घटना से पशुपालकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना कंडरका चौकी क्षेत्र के पठारीडीह स्थित खारून नदी की है। बताया जा रहा है कि मिथुन डेयरी के संचालक मिथुन यदु की भैंसें नदी में पानी पीने और नहाने के लिए उतरी थीं। इसी दौरान वे जलकुंभी के घने जाल में फंस गईं और बाहर नहीं निकल सकीं, जिससे एक-एक कर उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद नाराज ग्रामीणों और पशुपालकों ने पठारीडीह-खारून पुल पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मृत मवेशियों के उचित मुआवजे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना मिलते ही कंडरका चौकी पुलिस, प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल चक्काजाम के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित है और प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।


