Shivnath River Overflow: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर भी देखने को मिल रहा है। बलौदाबाजार जिले के सिमगा क्षेत्र में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियातन शिवनाथ नदी के पुराने पुल को अगले आदेश तक आम आवागमन के लिए बंद कर दिया है। पुल के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। हालांकि, नए पुल से यातायात पूर्ववत जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन को आशंका है कि यदि बारिश जारी रही तो पुराने पुल के ऊपर से पानी बह सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाएगा। इसी को देखते हुए जनसुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
एसडीएम सिमगा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बढ़ते जलस्तर और संभावित जलभराव की स्थिति में पुराने पुल से आवागमन करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसलिए जनहित में तत्काल प्रभाव से पुल को बंद किया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बैरिकेड्स हटाकर बंद पुल से गुजरने का प्रयास न करें और केवल नए पुल का ही उपयोग करें। साथ ही मौसम और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थिति के अनुसार आगामी दिनों में नए निर्देश जारी किए जाएंगे।


