CG Breaking: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेन्द्री की एक थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार शाम भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 2 से 3 मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं फैक्ट्री परिसर में मलबे के बीच फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में जुटे हैं। प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नोट: यह एक प्रारंभिक रिपोर्ट है। प्रशासन द्वारा जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद मृतकों, घायलों और विस्फोट के कारणों से जुड़ी जानकारी में बदलाव संभव है।


