CG News: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को रायगढ़ जिले में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी कार्य तय समय-सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विजयपुर में बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, केलो नदी के खर्रा घाट मैरीन ड्राइव और पुराने जेल परिसर में प्रस्तावित आधुनिक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स की योजनाओं की समीक्षा की।
विजयपुर में लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने भवन की ड्राइंग और डिजाइन में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संशोधित प्रस्ताव जल्द अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके।
इसके बाद वित्त मंत्री ने केलो नदी के खर्रा घाट पर लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे मैरीन ड्राइव परियोजना का निरीक्षण किया। करीब 2 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का कार्यादेश जारी हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।
मैरीन ड्राइव परियोजना के तहत घाट का सौंदर्यीकरण, गज़ीबो, आरसीसी पाथवे, आकर्षक लाइटिंग, प्रोमेनेड, फूड कोर्ट और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके पूरा होने पर रायगढ़ शहर को पर्यटन और मनोरंजन की नई पहचान मिलेगी।
वित्त मंत्री ने पुराने जेल परिसर का भी निरीक्षण किया, जहां जर्जर भवन हटाकर आधुनिक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, विजय अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


