CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए आगामी शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से नया शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, वर्तमान में 16 जून से 30 अप्रैल तक संचालित होने वाली शिक्षा सत्र की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। इसकी जगह अब देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी नया शैक्षणिक सत्र हर वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा। हालांकि 1 मई से 15 जून तक का ग्रीष्मकालीन अवकाश पहले की तरह जारी रहेगा।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल को शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन से विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली गणवेश वितरण तथा अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का संचालन भी अनिवार्य रूप से शुरू किया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि इस बदलाव से विद्यार्थियों को सत्र की शुरुआत से ही आवश्यक अध्ययन सामग्री और सुविधाएं समय पर उपलब्ध होंगी। इससे विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

