CG News: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम मड़कड़ी निवासी किसान राशीराम आदित्य को सुशासन तिहार के तहत बड़ी राहत मिली है। किसान की दो प्रमुख समस्याओं का करीब एक महीने के भीतर समाधान कर दिया गया। उन्हें 15 हजार रुपये की सब्सिडी के साथ आधुनिक पावर वीडर मशीन और राजस्व विभाग से ऋण पुस्तिका उपलब्ध कराई गई।
जानकारी के अनुसार, राशीराम आदित्य ने 5 जून को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पावर वीडर मशीन और ऋण पुस्तिका के लिए आवेदन किया था। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मांगों का समयबद्ध निराकरण किया।
कृषि विभाग ने बताया कि पावर वीडर मशीन की कुल लागत 52 हजार रुपये है, जिसमें शासन की ओर से 15 हजार रुपये का अनुदान दिया गया। इस मशीन की मदद से खेतों की निंदाई-गुड़ाई कम समय और कम लागत में हो सकेगी। इससे श्रम की बचत होने के साथ खेती की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
वहीं राजस्व विभाग ने किसान के आवेदन पर कार्रवाई करते हुए ऋण पुस्तिका भी उपलब्ध करा दी। इससे अब राशीराम को बैंक ऋण लेने, शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने और अन्य कृषि संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी।
किसान राशीराम आदित्य ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी दोनों महत्वपूर्ण समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पहल से छोटे किसानों को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।


