CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के गरीब और भूमिहीन परिवारों तक पहुंच रहा है। सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के ग्राम करजी निवासी जनेऊराम नायक का परिवार इसका उदाहरण बनकर सामने आया है। उन्हें दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ मिला है।
जानकारी के अनुसार, भूमिहीन होने के कारण जनेऊराम नायक का परिवार वर्षों से कृषि मजदूरी पर निर्भर था। अब दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत उन्हें प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत परिवार को पक्का आवास मिला है, जिससे उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक रहने की सुविधा प्राप्त हुई है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन मिलने से परिवार को धुआं रहित स्वच्छ रसोई का लाभ भी मिल रहा है।
इसके अलावा महतारी वंदन योजना के तहत परिवार की महिला सदस्य को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे घरेलू खर्चों में सहयोग मिल रहा है।
जनेऊराम नायक ने बताया कि शासन की इन योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके परिवार का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीब और भूमिहीन परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है।


