CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों और नगरों में आधारभूत अधोसंरचना तथा सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिले के पत्थलगांव में निर्माणाधीन जूदेव चौक और बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
कलेक्टर रोहित व्यास ने दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जूदेव चौक का विकास नगर की पहचान के अनुरूप आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी स्थल के रूप में किया जाए।
पत्थलगांव-अंबिकापुर मार्ग पर बस स्टैंड से करीब दो किलोमीटर दूरी पर 31.13 लाख रुपये की लागत से जूदेव चौक का निर्माण किया जा रहा है। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के आसपास आकर्षक मिनी गार्डन, आधुनिक लाइटिंग, कलात्मक पेंटिंग, हरित क्षेत्र और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं।
इसके बाद कलेक्टर ने करीब 24 लाख रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का मानना है कि जूदेव चौक और बीटीआई तालाब का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। इससे पत्थलगांव नगर की सुंदरता, पहचान और पर्यटन संभावनाओं को भी नई पहचान मिलेगी।

