CG News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में परिवार नियोजन और सुरक्षित मातृत्व को लेकर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर परिवार नियोजन से जुड़ी जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरीकरण, सुरक्षित मातृत्व और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।
इस वर्ष अभियान की थीम “जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय और दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर हो और परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति मजबूत बने।
अभियान के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन, परामर्श शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर लोगों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, छाया एवं माला-एन गर्भनिरोधक गोलियां तथा निरोध सहित परिवार नियोजन के सभी स्थायी और अस्थायी साधन पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। इसके अलावा पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राहियों को 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। जिला चिकित्सालय जशपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में 11 से 18 जुलाई तक प्रतिदिन पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा शासन की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


