CG News: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए टेस्ट मैच में जीत दर्ज करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह जीत केवल एक मैच की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के लगातार मजबूत होते सफर, खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, अनुशासन और अदम्य क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स पर मिली यह ऐतिहासिक जीत प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह उपलब्धि देश की युवा बेटियों के लिए प्रेरणा है। खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और शानदार टीम भावना ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय बेटियां हर क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने टीम की सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी दल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।


