रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जिला अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। सूरजपुर जिला चिकित्सालय ने सफलतापूर्वक 6 टोटल हिप रिप्लेसमेंट (THR) ऑपरेशन कर यह साबित किया है कि अब जटिल अस्थि शल्य चिकित्सा जैसी अत्याधुनिक सेवाएं भी जिला स्तर पर उपलब्ध हैं।
इस उपलब्धि से न केवल सूरजपुर बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब गंभीर हड्डी संबंधी उपचार के लिए मरीजों को रायपुर या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उपचार अधिक सुलभ हो सकेगा।
सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा और सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम के नेतृत्व में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू और डॉ. अमन गुप्ता ने इन जटिल शल्यक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वहीं एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विकास भगत और डॉ. अनिल कुमार ने भी ऑपरेशन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस उपलब्धि में नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर की पूरी टीम का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और समर्पित टीमवर्क की बदौलत सभी ऑपरेशन सफल रहे और मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जिला अस्पताल में टोटल हिप रिप्लेसमेंट जैसी जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। इससे गंभीर अस्थि रोगों के उपचार की पहुंच बढ़ेगी और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।
सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैकरा ने पूरी चिकित्सा टीम, नर्सिंग स्टाफ और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी जिला चिकित्सालय सूरजपुर में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जाएगा, ताकि प्रदेशवासियों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।


