रायपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेश एवं देश के सभी युवाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कौशल (स्किल) ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाता है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में स्किल इंडिया मिशन सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से कौशल विकास को नई गति मिली है। रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से युवा अपने भविष्य को सशक्त बनाने के साथ विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
वित्त मंत्री ने युवाओं से निरंतर सीखने, अपने कौशल को लगातार विकसित करने और समाज व राष्ट्र की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए विश्व युवा कौशल दिवस की पुनः शुभकामनाएं दीं।


