रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन और जवाबदेह प्रशासन की पहल के तहत सीएम हेल्पलाइन (1076) में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का एक और उदाहरण सामने आया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर रेत और गिट्टी से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज विभाग ने शिकायत की तत्काल जांच कर उड़नदस्ता दल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया।
रेत और गिट्टी से भरे छह ट्रैक्टर पकड़े गए
जांच के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे तीन ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से दो रेत से भरे ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी छह वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
खनिज अधिनियम के तहत दर्ज हुआ प्रकरण
खनिज विभाग ने वाहन स्वामियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा करने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व हित सुरक्षित रह सकें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना सीएम हेल्पलाइन (1076) या संबंधित विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे तथा नगर सैनिक सतीश साहू की सक्रिय भूमिका रही।


