रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी, झारखंड और ओडिशा क्षेत्र में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है। इसके चलते पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
बिलासपुर में 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात
लगातार हो रही बारिश के कारण बिलासपुर में करीब 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सरकंडा के लिंगियाडीह क्षेत्र में तेज बहाव की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में उसका शव झाड़ियों में बरामद किया गया।
सड़कें और घर जलमग्न
बारिश के कारण श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा के बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई इलाकों की सड़कें और मकान जलमग्न हो गए हैं।
वहीं, कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने एहतियातन मार्ग बंद कर दिया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
स्कूल बंद, कई ट्रेनें प्रभावित
बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश घोषित किया गया। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


