नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) देश में करेंसी प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। जानकारी के अनुसार, RBI पॉलिमर (प्लास्टिक) बैंक नोटों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। यदि यह परियोजना सफल रहती है, तो वर्ष 2027 से इन्हें चरणबद्ध तरीके से व्यापक स्तर पर जारी किया जा सकता है।
10 और 20 रुपये के नोटों से हो सकती है शुरुआत
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती चरण में 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोट जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी इस तकनीक में लाए जा सकते हैं।
नकली नोटों पर लगेगी लगाम
बताया जा रहा है कि नए पॉलिमर नोटों में अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स शामिल होंगे, जिससे नकली नोटों की पहचान आसान होगी और जालसाजी पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, ये नोट पारंपरिक कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ होंगे और जल्दी खराब या फटेंगे नहीं।
कागजी नोट रहेंगे पूरी तरह वैध
RBI की योजना के अनुसार, पॉलिमर नोटों के आने के बाद भी मौजूदा कागजी नोट पूरी तरह वैध रहेंगे। इन्हें बंद नहीं किया जाएगा। पॉलिमर नोट केवल एक अतिरिक्त विकल्प के रूप में प्रचलन में लाए जाएंगे।
ग्लोबल टेंडर जारी
जानकारी के मुताबिक, RBI की नोट मुद्रण शाखा ने पॉलिमर सब्सट्रेट शीट्स की आपूर्ति के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया है। इसके तहत अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त निर्धारित की गई है।


